कुचेसर चौपला/बाबूगढ़। सिंभावली स्थित 220 केवी बिजली घर से संचालित 33 केवी बिजली घर उपैड़ा की 33 केवी लाइन के जर्जर तार व लॉग स्पेन में पोल लगाने का कार्य रविवार को हुआ। इस कारण 33 केवी विद्युत उपकेंद्र उपैड़ा से संचालित करीब नौ गांवों के दो हजार भवनों की आपूर्ति सात घंटे तक बंद रही। वहीं, बाबूगढ़ बिजली घर क्षेत्र के औद्योगिक फीडर पर कार्य के कारण करीब छह बजे आपूर्ति को बंद रखा गया।
गर्मियों में उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति देने के लिए रविवार को बिजली घर क्षेत्र में मरम्मत का कार्य कराया गया। आपूर्ति बंद रहने के कारण उपभोक्ताओं ने परेशानी झेली। उपैड़ा बिजली घर क्षेत्र में दोपहर 12 बजे से शाम करीब सात बजे तक विद्युत आपूर्ति बंद रही। इस दौरान जर्जर तारों को बदला गया और जहां विद्युत पोल की दूरी अधिक थी, ऐसे छह स्थानों पर नए खंभे लगाए गए।
इस कारण उपैड़ा बिजलीघर से जुड़े गांव कुचेसर रोड चौपला, फतेहपुर, शाहपुर जट्ट, उपैड़ा, अटूटा, दयानगर, रसूलपुर बहलोलपुर, शकरपुर, कनिया कल्याणपुर आदि क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बंद रही। वहीं, बाबूगढ़ बिजली घर का औद्योगिक फीडर सुबह 11 से शाम करीब पांच बजे तक बंद रहा। औद्योगिक फीडर बंद रहने से करीब 30 फैक्टरियों के संचालन पर प्रभाव रहा।
मामले में गढ़ डिवीजन के अधिशासी अभियंता सूर्योदय कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों बिजली घरों पर मरम्मत का कार्य हुआ है। इसकी सूचना उपभोक्ताओं को पहले ही दे दी गई थी।
-