हापुड़। जन आरोग्य मेलों में रविवार को खांसी, बुखार के साथ पेट संक्रमण के मरीज बड़ी संख्या में पहुंचे। चिकित्सकों ने उपचार कर उन्हें घर भेजा। आठ मरीजों को सीएचसी रेफर किया गया। कई मरीजों के रक्त के नमूने भी लिए गए। सीएमओ डॉ. सुनील त्यागी ने बताया कि जिलेभर में लगे आरोग्य मेलों में 1600 से ज्यादा मरीज पहुंचे।
इनमें वायरल बुखार, खांसी वाले मरीजों की संख्या 250 से अधिक रही। इसके अलावा 70 मरीज पेट संक्रमण, उतने ही चर्म रोगी पहुंचे।उन्होंने बताया कि कुछ मरीजों को कई दिन से तेज बुखार था। उनके रक्त के नमूने जांच के लिए भरे गए। इन मरीजों को सीएचसी रेफर किया गया है। वहां एडमिट कर इन्हें उपचार दिया जा सकेगा। इसके अलावा मेले में गर्भवती महिलाएं भी जांच कराने के लिए पहुंची।