हापुड़। बुलंदशहर रोड पर ऊर्जा निगम ने करीब 20 दिन पहले अंडरग्राउंड लाइन बिछाने के दौरान तीन जगह से पेयजल व सीवर लाइन तोड़ दी। इस कारण शनिवार की रात एक बाइक सवार युवक पेट्रोल पंप के नजदीक हुए गड्ढे में गिरकर घायल हो गया। आसपास से गुजर रहे लोगों ने युवक को अस्पताल में भर्ती कराया है। हालांकि, शिकायतों के बाद तीन में से दो गड्ढे भरवाने का अधिकारी दावा कर रहे हैं।
इस मार्ग से हर दिन दस हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। शहर के व्यस्तम मार्गों में यह शामिल है। स्थानीय निवासी गुलजार, राजीव कुमार, राजीव आदि ने बताया कि करीब 25 दिन पहले ऊर्जा निगम द्वारा यहां पर अंडरग्राउंड लाइन बिछाई जा रही थी। उसी दौरान पेयजल व सीवर लाइन में लीकेज हुआ था। यह लीकेज राजीव विहार पेट्रोल पंप के बाहर, जदीद चौकी के बाहर और अन्य जगहों पर बड़े-बड़े गड्ढों के रूप में बदल गए थे। इसके चलते लोग इन गड्ढों को सही कराने की मांग भी कर रहे थे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शनिवार की रात करीब 11 बजे मोहल्ला रफीकनगर निवासी युवक दानिश कोहरे के कारण बाइक सहित गड्ढे में गिरकर घायल हो गया। युवक को बाहर निकालकर पास में ही मौजूद अस्पताल में उसे भर्ती भी कराया गया। गनीमत रही कि युवक को अधिक चोट नहीं आई। इससे पहले भी कुछ दोपहिया वाहन चालकों के गड्ढे में गिरने के कारण हल्की चोटें भी लगी हैं। वहीं, मोहल्ला राजीव विहार के बाहर कोने में गड्ढा होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही है।
Iतीन में से दो गड्ढे बंद करा दिए गए हैं। रविवार की रात को ही ऊर्जा निगम की टीम लग गई है। ऊर्जा निगम ने बुलंदशहर रोड पर अंडरग्राउंड लाइन बिछाने के कारण पेयजल व सीवर लाइन क्षतिग्रस्त कर दी थी। - संजय कुमार मिश्रा, अधिशासी अधिकारीI