एलएन पब्लिक स्कूल में शनिवार को विज्ञान चेतना क्लब की ओर से डॉ. कलाम की जयंती के उपलक्ष्य में अंधविश्वास निवारण व विज्ञान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इसमें कठपुतली व जादू शो के माध्यम से स्टूडेंट्स को अंधविश्वास से बचने की सीख दी गई। वक्ताओं ने कहा कि स्टूडेंट्स को डॉ. कलाम के जीवन से अनुशासन और ईमानदारी सीखनी चाहिए।
विज्ञान चेतना समितिके प्रदेश अध्यक्ष इंदुभूषण मित्तल ने कहा कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम एक महान व्यक्ति थे। वह कहते थे कि स्वप्न ही विचार बनते हैं और विचार ही कर्म के रूप में हमारे सामने आते हैं। अगर स्वप्न नहीं होंगे तो क्रांतिकारी विचार भी जन्म नहीं लेंगे।
विद्यालय डायरेक्टर पंकज कुमार अग्रवाल ने कहा कि डॉ. कलाम न केवल बच्चों बल्कि भारत के सभी नागरिकों के आदर्श हैं। वह देश के अनमोल रत्न थे। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।
प्रधानाचार्या डॉ. आराधना वाजपेयी ने कहा कि हमें डॉ. कलाम से ईमानदारी, अनुशासन, ईश्वर में आस्था और जीवन में करुणा की सीख लेनी चाहिए। इस अवसर पर आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में स्टूडेंट्स ने विभिन्न मॉडल प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा दिखाई।
इस दौरान बच्चों ने कठपुतल शो का भी आनंद लिया। कार्यक्रम का आयोजन अरविंद पपेट ग्रुप द्वारा किया गया। इस मौके पर संस्था सचिव विनय त्यागी, सहसचिव केके अग्रवाल, महासचिव महेश वर्मा, सदस्या मधु अग्रवाल, करुणा अग्रवाल, पवित्रा त्यागी आदि शिक्षक मौजूद रहे।
गढ़मुक्तेश्वर में अमृत परिसर धर्मशाला में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. अब्दुल कलाम की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि दी गई। गंगा सेवा समिति अध्यक्ष विनय मिश्रा ने कहा कि डॉ. कलाम सच्चे मायनों में देश के सपूत थे।
मिसाइल मैन डॉ. कलाम का जीवन सादगी और उच्च विचारों का उदाहरण है। इस मौके पर गौरव मिश्रा, राजू, महेश बंसल, सतनाम यादव आदि मौजूद रहे।