स्कूल से ही एंबुलेंस के जरिए सीएचसी में कराया भर्ती
- फोटो : अमर उजाला
विकास खंड हापुड़ के गांव गजालपुर स्थित प्राथमिक स्कूल में एक साथ दर्जनों बच्चों को बुखार आ जाने से शिक्षकों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में सूचना पर पहुंची 108 नंबर एंबुलेंस से बच्चों को हापुड़ सीएचसी में भर्ती कराया गया। बच्चों को वहां से प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
जिले में हर ओर बुखार का प्रकोप है। बुधवार को गांव गजालपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में सुबह बच्चे पढ़ने के लिए पहुंचे थे। स्कूल में अचानक टिंकू, शिवम, रवि, सोनम, गौरव, तरुण, आकाश समेत दर्जनों बच्चों की हालत बिगड़ गई।
अचानक बच्चों की तबीयत खराब होने से शिक्षकों में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को दी तो वे भी हरकत में आ गए। मौके पर पहुंची 108 नंबर एंबुलेंस बच्चों को गढ़ रोड स्थित सीएचसी ले आयी। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को घर भेज दिया गया।
बच्चों को बुखार था, उन्हें दवा दिलाकर घर भेज दिया गया है। स्वास्थ्य टीम बच्चों के घर पर जाकर भी स्वास्थ्य जांच करेगी। डा. एके सिंह, सीएमओ हापुड़
बीएसए देवेंद्र गुप्ता का कहना है कि बच्चों के बीमार होने की सूचना मिली तो उन्होंने सीएमओ को अवगत करा दिया था। बच्चों को उपचार दिलवा दिया गया है।