हापुड़। बुलंदशहर रोड स्थित मोहल्ला मजीदपुरा में घर के बाहर खेल रहे बच्चे पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर उसे घायल कर दिया। शोर सुनकर घरों के अंदर से लोग बाहर निकले और बच्चे को बचाया। इसके बाद परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मोहल्ला निवासी पांच वर्षीय अली दोपहर को घर के बाहर खेल रहा था। इस दौरान गली में घूम रहे कुत्तों के झुंड ने अली पर हमला कर दिया। हमला करके कुत्तों ने बच्चे को जमीन पर गिरा गया और उसके उल्टे हाथ में कंधे के पास काट लिया। शोर सुनकर आसपास के घरों में मौजूद लोग बाहर निकले और कुत्तों को भगाकर बच्चे को बचाया। परिजनों ने बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराकर उसका उपचार कराया है। वहीं, अस्पताल में बच्चे को रेबीज की वैक्सीन भी लगाई गई है। घटना के बाद से बच्चे का रो-रोकर बुरा हाल और वह सहमा हुआ है।
स्थानीय निवासी सलीम खान, अकरम, शेरा, मुर्सलीन ने बताया कि नगर पालिका में कई बार शिकायत करने के बाद भी अधिकारी कुछ नहीं कर रहे हैं। कुत्तों को पकड़वाने के लिए कोई अभियान नहीं चलाया जा रहा है, जबकि आए दिन लावारिस कुत्ते किसी न किसी को काटकर घायल कर रहे हैं।
मामले में अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा का कहना है कि पालिका की ओर से कुत्तों को पकड़वाने और उनके बंध्याकरण के लिए टेंडर निकाला गया है। प्रक्रिया पूरी होते ही पूरे शहर में अभियान चलाया जाएगा।