एलएन रोड पर निरीक्षण के दौरान डीएम को जानकारी देते पालिका ईओ। स्रोत: सूचना विभाग
हापुड़। एलएन और स्वर्ग आश्रम रोड पर हुए जलभराव के कारण हर दिन हजारों स्कूली बच्चों और अन्य लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसे लेकर सोमवार की शाम डीएम कविता मीना ने मार्गों का निरीक्षण किया। जलभराव देख डीएम ने नाराजगी जताते हुए पालिका अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने पंप सेट लगाकर पानी निकलवाने और स्थाई नाले के निर्माण का प्रस्ताव बनाकर भेजने के निर्देश दिए। वहीं, अतरपुरा चौपला स्थित शहीद स्तंभ और पक्का बाग चौराहे पर सुंदरीकरण कराने व जर्जर सड़कों की मरम्मत के आदेश दिए।
एलएन पब्लिक स्कूल रोड के निरीक्षण के दौरान डीएम को स्थायी नाला नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा होने की जानकारी दी गई। उन्होंने नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को तत्काल पंप सेट लगाकर पानी की निकासी कराने और स्थायी नाला निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर जल्द कार्य शुरू कराने को कहा।
इससे पहले डीएम ने अतरपुरा चौपला स्थित शहीद स्मारक का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई, लाइटिंग, पाथ-वे, बाउंड्रीवाल, पौधरोपण, शहीदों के नाम की पट्टिका, राष्ट्रीय ध्वज स्थल और बैठने की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सौंदर्यीकरण कार्य निर्धारित समय में पूरा कराया जाए। साथ ही पक्का बाग चौराहे को मॉडल चौराहे के रूप में विकसित करने, स्वर्ग आश्रम रोड की मरम्मत, फाटक के पास जलभराव की समस्या को देखते हुए अधूरे पड़े नाला निर्माण के कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा मंडल स्तरीय राज्य कर कार्यालय भवन के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भवन की प्रगति, ले-आउट, निर्माण सामग्री, फिनिशिंग, विद्युत और जल आपूर्ति व्यवस्था को देखा। कार्यदायी संस्था को मानकों के अनुरूप निर्माण पूरा करने और अधिकारियों को नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
इस दौरान जल निगम के अधिशासी अभियंता अमीरुल हसन और अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा आदि मौजूद रहे।