जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने बृहस्पतिवार को शासन द्वारा जारी नए राशन कार्ड के वितरण का शुभारंभ किया। उन्होंने शिविर लगाकर राशन कार्ड वितरित करने के निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में जिला आपूर्ति अधिकारी आरएन यादव ने बताया कि जनपद में कुल 8805 अंत्योदय और 1,92,921 एनएफएसए कार्ड धारक हैं। पहले चरण में 5200 अंत्योदय व 17,509 एनएफएसए राशन कार्ड शासन से बनकर आए हैं।
कलेक्ट्रेट पर जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने कुछ उपभोक्ताओं को कार्ड देकर वितरण का शुभारंभ किया। उन्होंने अधिकारियों को शिविर लगाकर कार्ड वितरित करने के लिए निर्देशित किया।
अंत्योदय कार्ड उपभोक्ताओं को निशुल्क व एनएफएसए कार्ड उपभोक्ता को 10 रुपये का शुल्क लेकर कार्ड दिया जाएगा। कार्ड खोने व फटने की स्थिति में अंत्योदय कार्ड की दूसरी प्रति 10 रुपये व एनएफएसए कार्ड की दूसरी प्रति 50 रुपये में मिलेगी।
अंत्योदय कार्ड पर 15 किलो चावल , 20 किलो गेहूं, दो किलो चीनी और एनएफएसए कार्ड पर 3 किलो गेहूं, 2 किलो चावल व 900 ग्राम चीनी वितरित की जाएगी।