हापुड़। जिलाधिकारी प्रेरणा शर्मा ने लक्ष्य के सापेक्ष शत प्रतिशत गेहूं खरीद पूर्ण करने को लेकर बृहस्पतिवार को अधिकारियों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान खरीद की धीमी प्रगति पर अधिकारियों पर नाराजगी जताई।
डीएम ने कहा कि सभी केंद्र संचालक व्यक्तिगत प्रयास से गेहूं खरीद में तेजी लाएं। हर हालत में गेहूं खरीद के लक्ष्य को पूर्ण करना है। इसके लिए निरंतर खरीद पर जोर देना है। खरीद में तेजी लाने के लिए किसानों के रजिस्ट्रेशन बढाने के निर्देश दिए। उन्होंने कम रजिस्ट्रेशन होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी उप जिलाधिकारी अपने स्तर से बढोतरी कराएं। उन्होंने किसानों द्वारा क्रय किए गए गेहूं के भुगतान में देरी होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि किसानों का भुगतान हर हालत में निर्धारित अवधि के अंदर कर दिया जाए। यदि किसी किसान का भुगतान करने में किसी प्रकार की समस्याएं आती है तो उसे शीघ्र हल किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में सरसों खरीद के केंद्र बनाए गए हैं, जिसके बारे में किसानों को जागरूक किया जाए। जिससे किसानों को उनकी फसल का उचित दाम मिल सके। उन्होंने तहसीलों से सरसों उत्पादन का डाटा लेखपालों से प्राप्त करके रजिस्ट्रेशन कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार, अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार आदि मौजूद रहे।