कांगड़ा से माता की ज्योति ला रहे श्रद्धालुओं का थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव बड़ौदा सिहानी में विशेष समुदाय के लोगों से झगड़ा हो गया। डीजे बजाने से मना करने पर दोनों पक्षों में जमकर पथराव हुआ। जिसमें तीन लोग घायल हो गए।
तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों के समझाने पर मामला शांत हो गया। जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर गांव बड़ौदा सिहानी में एक समुदाय विशेष का प्रोग्राम चल रहा था।
तभी सपनावत के गांव के श्रद्धालुओं का एक जत्था हिमाचल के कांगड़ा से ज्योति लेकर वहां से गुजरा। तभी समुदाय विशेष के लोगों ने डीजे बजाने से मना किया। इस मुद्दे पर दोनों समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर पथराव कर दिया।
इस बीच एक किमी दूर गांव सपनावत में ज्योति रोकने की सूचना मिली तो भारी संख्या में ग्रामीण बड़ौदा सिहानी पहुंच गए। पथराव और मारपीट में बड़ौदा सिहानी के शाहिद, फहीम और नजर मोहम्मद घायल हो गए।
बवाल की सूचना पर एएसपी रामनयन यादव, सीओ पिलखुवा अतुल यादव, सीओ सिटी शैलेंद्र सिंह राठौर, कोतवाल हापुड़ आरके सिंह, हाफिजपुर थाना प्रभारी एसके सिंह,
धौलाना थाना प्रभारी हरशरण शर्मा, पिलखुवा प्रभारी अजय अग्रवाल आदि पहुंच गए। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत किया और तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
एएसपी रामनयन यादव ने बताया कि मामूली कहासुनी पर दोनों समुदाय के लोगों में मारपीट हुई थी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। शांतिभंग करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। किसी को भी क्षेत्र का माहौल खराब करने नहीं दिया जाएगा। पुलिस बवालियों पर कड़ी कार्रवाई करेगी और उन्हें जेल भेजेगी।