स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने सोमवार को जिलेभर के अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड मशीनों और रिकॉर्ड की जांच की। इसमें हापुड़ सिटी के पांच और गढ़ के चार अस्पतालों पर छापा मारा गया। अस्पताल संचालकों को मशीनों के रखरखाव की चेतावनी दी गई।
सीएमओ डा. एके सिंह के निर्देश पर सोमवार को डा. योगेश गुप्ता ने टीम के साथ गढ़ रोड स्थित देवनंदिनी हॉस्पिटल, मधु नर्सिंगहोम, अब्दुल्ला नर्सिंगहोम, राज नर्सिंगहोम, अखिल मेमोरियल हॉस्पिटल पर लगी अल्ट्रा साउंड मशीनों का निरीक्षण किया।
औचक निरीक्षण से अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की टीम को जांच में सब कुछ ठीक मिलने पर संचालकों ने राहत की सांस ली। डा.योगेश ने बताया कि छोटी-मोटी खामियां मिली थी। जिन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
उधर, गढ़ में एसडीएम आरएन पांडेय और डिप्टी सीएमओ डॉ.संजीव के नेतृत्व में सोमवार को गढ़-चौपला पर चल रहे दो अल्ट्रा साउंड सेंटरों पर छापामारी की गई।
जबकि नायब तहसीलदार एके शर्मा ने बीएमआर डाइग्नोस्टिक सेंटर और जीवन रेखा नर्सिंगहोम में संचालित हो रहे अल्ट्रा साउंड सेंटरों में जांच की। डिप्टी सीएमओ ने बताया कि प्राथमिक जांच में सेंटरों के रखरखाव में कोई खामी नहीं मिली है।
सीएमओ डा. एके सिंह का कहना है कि अल्ट्रा साउंड सेंटरों की जांच की गई। आगे सेंटरों पर अनिमितताओं की जांच की जाती रहेगी।