गांव जनूपुरा की सप्लाई दो फीडरों से जुड़ी होने से आए दिन ठप रहती है। इससे गुस्साए किसानों ने सोमवार को डिवीजन दफ्तर का घेराव विद्युत निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया।
गढ़ तहसील क्षेत्र के गांव जनूपुरा के किसान सोमवार को मुकेश त्यागी के नेतृत्व में विद्युत निगम के डिवीजन दफ्तर पहुंचे। यहां उन्होंने दफ्तर का घेराव करते हुए हंगामा किया। किसानों का आरोप है कि गांव के लिए गढ़ और कूलपुर फीडर से बिजली आपूर्ति होती है।
दो फीडरों से आपूर्ति जुड़ी होने के चलते आए दिन फाल्ट होने से गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है। शिकायत करने पर दोनों फीडरों से जुडे़ कर्मचारी एक-दूसरे के फीडर से जुड़ा मामला बताकर टाल देते हैं।
इसके चलते कई-कई दिन आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाती। किसानों ने एक्सईएन पीके अग्रवाल से गांव की आपूर्ति कूलपुर फीडर से किए जाने की मांग की है। एक्सईएन पीके अग्रवाल का कहना है कि ग्रामीणों की समस्या का जल्द ही समाधान कर दिया जाएगा।