ब्रजघाट। क्षेत्र के गांव अल्लाबख्शपुर निवासी व्यक्ति को साइबर ठगों ने फर्जी अधिकारी बनकर 15 मिनट तक डिजिटल अरेस्ट रखा। लेकिन पीडि़त साइबर ठगों का शिकार होने से बच गए।
गांव निवासी हाजी सरफराज ने बताया कि शनिवार की दोपहर वह घर पर बैठे हुए थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर सोशल मीडिया एप पर अनजान नंबर से वीडियो कॉल आया। कॉल उठाते ही फोन करने वाले व्यक्ति ने अपने आप को दिल्ली क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया। आरोपी ने कहा कि उनके खिलाफ संगीन धारा में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है, जिसके बाद उन्हें जेल जाने से कोई नहीं बचा सकता। यदि केस से बचना है कि दो लाख रुपये देने होंगे। आरोपी ने उन्हें खाता नंबर देकर उसमें रुपये भेजने के लिए कहा। आरोपी की बात सुनकर वह परेशान हो गए, करीब 15 मिनट तक आरोपी उनसे बात करता रहा और इस दौरान कॉल काटने पर तुरंत ही मुकदमा पंजीकृत करने की धमकी भी दी। बताया कि 15 मिनट तक उसकी बात सुनने के बाद उन्होंने कॉल काट दी और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने उन्हें इस तरह से की जा रही साइबर ठगी के बारे में बताते हुए सतर्क रहने को कहा। गढ़ कोतवाली पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।