एनएच-24 पर ब्रजघाट गंगा पुल के पास दो डग्गामार बसों में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे एक युवक की मौत और महिला-बच्चों समेत 36 लोग घायल हो गए। घायलों को गढ़, गजरौला और मेरठ के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
हादसे के कारण हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। बेढंग तरीके से हाईवे चौड़ीकरण के बाद ब्रजघाट गंगा पुल से सटा एरिया काफी समय से डेथ प्वाइंट बना हुआ है।
सोमवार रात करीब डेढ़ बजे संभल और दिल्ली की ओर जा रहीं दो डग्गामार बसों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार था कि दोनों बसें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
बसों में फंसे यात्रियों की चीख पुकार सुनकर हाईवे से गुजर रहे लोगों ने वाहन रोककर उन्हें निकाला और पुलिस चौकी को सूचना दी। चौकी इंचार्ज एके निर्वाल वहां पहुंचे।
पुलिस ने बसों के शीशे तोड़कर फंसे यात्रियों को किसी तरह बाहर निकाला और अमरोहा के गजरौला के अस्पताल में भर्ती कराया। गजरौला में उपचार के दौरान 35 वर्षीय जाकिर पुत्र कल्लू खां निवासी मवई काजियान बरेली ने दम तोड़ दिया।
वहीं हालत नाजुक होने पर नईम निवासी मवई काजियान बरेली को गढ़ के अस्पताल से मेरठ रेफर किया गया है। मृत जाकिर के चाचा मनव्वर अली ने अज्ञात दोषी बस चालक के खिलाफ लापरवाही से ड्राइविंग का केस दर्ज कराया है।
हाईवे पर आमने-सामने की भिड़ंत में दोनों ही बसों के चालक और कंडक्टर भी घायल हो गए थे, लेकिन पुलिस की पकड़ और राहगीरों के मारपीट से बचने के लिए दोनों बसों के चालक और कंडक्टर भाग गए।
चौकी इंचार्ज एके निर्वाल का कहना है कि बस चालक और क्लीनरों की तलाश कराई जा रही है। बसों में मिले दस्तावेजों के आधार पर पुलिस उन्हें तलाश रही है।
हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। एनएच-24 के दोनों ही साइडों में वाहनों की लंबी कतार लग गईं। घायलों को इलाज के लिए भिजवाने में जुटी पुलिस ने क्रेन मंगाकर दोनों बसों को सड़क से हटवाकर साइड में किया, तब कहीं एक घंटे बाद हाईवे पर सुचारु हो सका।