संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। जिला पंचायत राज विभाग गांवों में 53 करोड़ रुपये से विकास कार्य कराएगा। विभाग ने राज्य व 15वें वित्त आयोग से विकास कार्य कराने का खाका तैयार किया है। गांवों में विकास कार्य के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है, जल्द ही शासन से धनराशि मिलने के बाद कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
जिले में 273 ग्राम पंचायतें है। जिनके विकास के लिए जिला पंचायत राज विभाग के अधीन ग्राम पंचायतों के अलावा क्षेत्र पंचायतों के माध्यम से राज्य एवं केंद्र सरकार से समय-समय पर धनराशि मिलती है। शासन ने 15वें वित्त आयोग के तहत 30 करोड़ रुपये का बजट जारी करने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। वहीं, राज्य वित्त आयोग से करीब 23 करोड़ रुपये की धनराशि मिली है।
धनराशि जारी होने के बाद बजट को सीधे ग्राम पंचायतों के खातों में भेजा गया है। शासन से मिली राशि से ग्राम पंचायतों में विकास कार्य कराए जाएंगे, जिनमें नाली निर्माण, सीसी रोड, पानी की निकासी, खड़ंजों के अलावा सफाई के कार्य शामिल हैं। साथ ही सरकारी भवनों की देखरेख के लिए भी यह धनराशि खर्च की जाएगी। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में तालाबों का सौंदर्यीकरण लंबित हैं। जिन गांवों में तालाबों की स्थिति सही नहीं है, उन्हें भी चिन्हित कर लिया गया है। जिले के ऐसे तालाबों की साफ सफाई से लेकर उनका सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
विभाग के अधिकारियों की माने तो इसके लिए ग्राम पंचायत खुली बैठक कर प्रस्ताव बनाए जाएंगे, अनुमति मिलने के बाद ही पंचायत राज विभाग की गाइड लाइन के अनुसार कार्य होंगे। जिला पंचायत राज अधिकारी शिव बिहारी शुक्ला ने बताया कि शासन से धनराशि जारी होने के बाद ग्राम पंचायत निधि पीएफएमएस खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी, जो प्रस्ताव बनाकर भेजे गए हैं, उनसे ग्रामीण क्षेत्रों में रुके अधिकतर कार्यों को पूरा कर लिया जाएगा।