हापुड़। हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण द्वारा गांव अच्छेजा में 33 लाख से सड़क और नाली का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा पार्कों की देखभाल पर करीब 74 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके साथ ही प्रीत विहार, आनंद विहार और ट्रांसपोर्टर नगर में करीब 60 लाख से विद्युतीकरण का कार्य किया जाएगा।
प्राधिकरण द्वारा गांव अच्छेजा में हाईवे 9 से रामनिवास त्यागी के आवास तक सड़क व नाली के निर्माण पर 33.27 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा 29.41 लाख से ट्रांसपोर्ट नगर योजना में स्थित बुकिंग ऑफिस बीओ 127 से बीओ 210 तक और बीओ 310 से बीओ 426 तक वाहय विद्युतीकरण, 24.02 लाख से आनंद विहार आवासीय योजना की पाॅकेट-एल में प्रधानमंत्री आवास के सामने प्लॉटों के अवशेष वाहय विद्युतीकरण, और 5.58 लाख से ट्रांसपोर्ट नगर योजना में स्थित गोदाम संख्या जी-27 से जी-40 तक वाहय विद्युतीकरण का कार्य कराया जाएगा।
इसके साथ 26.14 लाख से प्रीत विहार आवासीय योजना प्रथम व विस्तार में नौ विकसित पार्कों की देखभाल, 21.30 लाख से आनंद विहार आवासीय योजना के विभिन्न स्थलों पर वर्ष 2024-25 के अंतर्गत रोपित पौधों का दो वर्ष का अनुरक्षण, 18.86 लाख से प्रीत विहार आवासीय योजना में विभिन्न स्थलों पर वर्ष 2024-25 के अंतर्गत रोपित पौधों की दो वर्ष तक देखभाल और 8.25 लाख से आनंद विहार आवासीय योजना के ब्लॉक-जी व डी में विभिन्न स्थलों पर रोपित पौधों की एक वर्ष तक देखभाल का कार्य कराया जाएगा।
मामले में सचिव अमित कादियान का कहना है कि पूर्व में भी कुछ टेंडर निकाले गए थे, लेकिन तकनीकी खामियों के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। अब फिर से टेंडर निकाले गए हैं। प्रक्रिया पूरी होते ही सभी विकास कार्य कराए जाएंगे।