गंगानगरी में झपटमारों के हमले में घायल आजाद सिंह। संवाद
ब्रजघाट। गंगा नगरी में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ कपड़ों की छीनाझपटी की घटना रुकने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार को भी एक श्रद्धालु कपड़े छीनने के दौरान घायल हो गया। पीड़ित को प्राथमिक उपचार के लिए चिकित्सक के यहां ले जाया गया।
तीर्थ नगरी ब्रजघाट में प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। भीड़ का फायदा उठाकर यहां कुछ असामाजिक तत्व भिक्षुकों के रूप में सक्रिय रहते हैं। यह लोग श्रद्धालुओं से कपड़े आदि झपटने का काम करते हैं। शुक्रवार को दिल्ली के नजफगढ़ निवासी आजाद सिंह अपनी पत्नी खजानी देवी की अस्थि विसर्जन करने के लिए आए थे।
अतिथि गृह मार्ग पर भिक्षुकों के रूप में मौजूद असामाजिक तत्वों ने उनसे कपड़ो समेत अन्य दान में दिए जाने वाले सामान को छीनने की कोशिश की। इस दौरान धक्का लगने से वह गिर गए और घायल हो गए। झपटमारी करने वाले लोग वहां से भाग निकले। सीओ स्त़ुति सिंह का कहना है कि इस प्रकार की घटना की रोकथाम के लिए पुलिस की ड्यूटी लगाई जाएगी। इस तरह के लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।