होशियारपुर गांव गढ़ी निवासी एक व्यक्ति और सलाई निवासी किशोर की रविवार को बुखार से मौत हो गई। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में अब तक एक भी व्यक्ति की बुखार से मौत नही हुई है। हर एक मौत के बाद विभाग बहाने बनाकर पल्ला झाड़ने में लगा है।
बुखार का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार बुखार से हो रही मौतों के बाद भी स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में इस वर्ष एक भी मौत बुखार से होना दर्ज नहीं किया गया है। अफसर अन्य बीमारी से मौत की बात कहकर पल्ला झाड़ने में लगे हैं।
होशियारपुर गढ़ी निवासी प्रसादी 15 दिनों से बुखार से पीड़ित था। वह अपना इलाज स्थानीय चिकित्सक से करवा रहा था। शनिवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे लेकिन उसने दम तोड़ दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया।
उधर, सलाई गांव निवासी समीर (12) कई दिन से बुखार से पीड़ित था। काफी इलाज के बाद भी उसकी हालत में सुधार नहीं हो रहा था। रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
उधर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एके सिंह का कहना हैं कि उन्हें इसकी जानकारी मिली है। टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी। गांव में कैंप लगवाकर दवाएं भी बंटवाई जाएगी।