हापुड़ में धान के खेत में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के सिर और शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। ग्रामीणों ने कत्ल कर शव को खेत में फेंकने की आशंका जताई है। पुलिस जांच में जुटी है।
हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली इलाके के गांव अठसैनी निवासी सुदंर सिंह के धान के खेत में अज्ञात व्यक्ति शव पड़ा मिला है। मृतक के सिर समेत शरीर पर चोट के निशान है। आशंका है कि व्यक्ति की हत्या कर शव को यहां फेंका गया हो।
विज्ञापन
वहीं, पुलिस खेत के पास से गुजर रही रेल की पटरी के चलते मृतक के ट्रेन से गिरकर मौत होना बता रही है। शव दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। मंगलवार की दोपहर 12 बजे किसान खेतों से पशुओं का चारा लेकर घर लौट रहे थे।
गांव निवासी सुदंर सिंह के खेत से उन्होंने बदबू उठती देखी तो वह खेत में पहुंच गए। वहां जाकर देखा तो एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ था। मृतक ने सफेद टीशर्ट, काला लोवर पहने हुआ था। मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई।
विज्ञापन
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। शव करीब दो से तीन दिन पुराना था। वहीं, मृतक के सिर और शरीर पर कई जगह चोट और खरोंच के निशान थे। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि व्यक्ति की हत्या कर शव यहां फेंका गया है।
वहीं, पुलिस का मानना है कि व्यक्ति चलती ट्रेन से गिरकर पत्थर से रपटकर खेत में जा पहुंचा और उसकी मौत हो गई। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टि में व्यक्ति की मौत ट्रेन से गिरने से प्रतीत हो रही है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा, जिसके आधार पर कारवाई की जाएगी।