सिंभावली। मंगलवार सुबह गांव सिखेड़ा निवासी एक युवक का शव बाहरी छोर पर पुराने हाईवे किनारे पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
गांव सिखेड़ा के कुछ ग्रामीण मंगलवार की सुबह हाईवे की तरफ किसी काम से जा रहे थे। गांव के बाहर ग्रामीणों को हाईवे किनारे युवक का शव पड़ा दिखाई दिया। जिसकी पहचान गांव के ही रहने वाले नीरज (38 वर्ष) के रूप में हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास जांच की, लेकिन शव पर चोट का कोई निशान नहीं मिला और ना ही आसपास में कोई संदिग्ध वस्तु ही बरामद हुई। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि पूछताछ में जानकारी मिली है कि मृतक शराब का सेवन करता था। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मृत्यु के सही कारणों का पता चल सकेगा।