बहादुरगढ़। क्षेत्र के गांव आलमनगर में मुख्य रास्ते किनारे लगा हाईटेंशन लाइन का बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त होकर गिरने की कगार पर है जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उन्होंने जल्द से जल्द खंभे को बदलवाने की मांग की है।
गांव में स्थित गोशाला के केयर टेकर अतुल सागर ने बताया कि बिजली का खंभा टेढ़ा होकर एक तरफ को झूल रहा है। तेज हवा चलने पर अक्सर तार टूट जाते हैं। खंभा गोशाला के पास ही लगा हुआ है। तार टूटकर कभी भी गोशाला परिसर में गिर सकता है, जिससे गोवंषों के साथ भी हादसा हो सकता है।
उनका कहना है कि क्षतिग्रस्त खंभे को बदलवाने के साथ ही कम से कम 10 मीटर शिफ्ट किया जाना बेहद जरूरी है।ग्रामीणों का कहना है कि इस बारे में विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया को भी अवगत कराया गया। उन्होंने भी ऊर्जा निगम के अधिकारियों को खंभा बदलने के लिए निर्देशित किया है, इसके बावजूद सुनवाई संभव नहीं हो पा रही ।
ऊर्जा निगम के एक्सईएन सूर्यउदय कुमार का कहना है कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है। शिकायत के आधार पर टीम भेजकर जांच कराई जाएगी। यदि खंभा क्षतिग्रस्त है तो बदलवा दिया जाएगा।