सिंभावली। गांव हरौड़ा के तालाब में एक माह से भी अधिक समय से मगरमच्छ दिखाई दे रहा है। वन विभाग को सूचना देने के बाद भी कोई कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में दहशत बढ़ रही है। जल्द कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों ने विभाग के कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी है।
गांव निवासी परविंद्र ने बताया कि गांव की आबादी के निकट तालाब स्थित है। तालाब के पास के रास्ते से हर समय लोगों का आवागमन भी बना रहता है। उन्होंने बताया कि एक माह से भी अधिक समय से तालाब को मगरमच्छ ने अपना निवास बनाया हुआ है। जो कई बार तालाब के बाहर आसपास के क्षेत्र में भी नजर आ चुका है।
आरोप है कि इस बारे में वन विभाग को बार-बार सूचना दी गई है लेकिन अभी तक भी कोई ठोस कार्रवाई मगरमच्छ को पकड़वाने के लिए नहीं की गई है। उनका कहना है कि तालाब में एक से अधिक मगरमच्छ भी हो सकते हैं।
बुधवार की रात भी ग्रामीणों को तालाब के बाहर बैठा हुआ दिखाई दिया। महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं। वहीं, ग्राम प्रधान दानिश का भी कहना है कि वन विभाग को इस बारे में सूचित किया गया है। लेकिन, अभी तक मगरमच्छ को तालाब से पकड़वाया नहीं जा सका है।
वन विभाग के दरोगा गौरव कुमार का कहना है कि सूचना के बाद टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की गई है। इस समय तालाब में समुद्र सोख बड़ी मात्रा में फैला हुआ है। इसकी सफाई कराने के बाद मगरमच्छ को पकड़वाकर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया जाएगा।