हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में कार्तिक पूर्णिमा मेले में अब तक 25 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। मंगलवार को दीपदान का आयोजन होगा। गंगा घाट श्रद्धालुओं से भरे हैं और धार्मिक अनुष्ठानों का दौर जारी है। प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
गढ़मुक्तेश्वर में कार्तिक पूर्णिमा के पर्व पर आयोजित होने वाले मेले में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। सोमवार की शाम तक मेले में करीब 25 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। कल यानी मंगलवार सुबह से दीपदान करने वालों की भीड़ उमड़ने लगेगी। पुलिस और प्रशासन ने भी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
विज्ञापन
मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। मंगलवार को दीपदान से पहले ही 25 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने मेला स्थल पर पड़ाव डाला हुआ है। गंगा घाट श्रद्धालुओं से खचाखच भरे नजर आए। श्रद्धालुओं ने गंगा में स्थान कर पूजा-अर्चना की और घर परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। कार्तिक पूर्णिमा बुधवार को है। आज यानि मंगलवार को दीपदान होगा।
इस ऐतिहासिक-पौराणिक मेले को मिनी कुंभ भी कहा जाता है। प्राचीन गंगा मंदिर के पुरोहित संतोष कौशिक ने बताया कि इस बार पांच नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान है। इसकी पूर्व संध्या (कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी की शाम) को दीपदान किया जाता है। इसलिए आज संध्याकाल में दीपदान किया जाएगा। गढ़मुक्तेश्वर मेले के साथ ब्रजघाट, पुष्पावती पूठ पर भी गंगा घाटों पर दीपदान के लिए लोगों श्रद्धालु पहुंचते हैं।
विज्ञापन
सूर्यास्त के समय होता है दीपदान
धार्मिक अनुष्ठान के लिए सूर्यास्त के समय वह श्रद्धालु आएंगे, जिनके परिवार के सदस्य उनके बीच अब नहीं रहे। दीपदान उन्हीं दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए संबंधित परिवार के लोग करते हैं। ऐसे में उनकी आंखें भी भर आती हैं। इस परंपरा को निभाते वक्त गंगा घाट ऐसे प्रतीत होते हैं, जैसे आकाश के तारे धरती पर उतर आए हों। मान्यता है कि द्वापर युग में कुरुक्षेत्र के मैदान में कौरव सेना व पांडवों के कुटुंब संबंधियों के शव पड़े थे। भगवान श्रीकृष्ण ने उन सभी दिवंगत आत्माओं की शांति का मार्ग पांडवों को बताया था। तब पांडवों ने भगवान कृष्ण के साथ गंगा तट पर पहुंच कर दीपदान किया था। उस दिन कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी की पूर्व संध्या थी।
ब्रजघाट में भी जुटेगी भीड़
मेला में ट्रैक्टर-ट्रालियों में भरकर श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी है। हर-हर गंगे के जयकारों से गंगा घाट गूंज रहा है। यहां पिकनिक का पूरा माहौल बना हुआ है। श्रद्धालु गंगा स्नान कर भजन कीर्तन कर रहे हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर मुख्य स्नान के लिए मेले में श्रद्धालुओं का जन सैलाब खूब उमड़ रहा है। प्रशासन ने भी अपने इंतजाम पूरे कर लिए हैं। हाईवे पर जाम न लगे इस पर विशेष ध्यान है।