बस विस्फोट के बाद पसवाड़ा में तनाव और खौफ का माहौल है। पुलिस की गांव में दबिश के बाद युवक घर छोड़कर भाग गए। उधर, पुलिस रात-दिन गांव में दबिश दे रही है। एक-एक घर तलाशा जा रहा है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव पसवाड़ा में रविवार को अजीज खां के मकान की दूसरी मंजिल पर बम विस्फोट के बाद गांव में दहशत का माहौल है। गांव में तनाव के बीच भारी पुलिस बल तैनात है। आरोपियों की तलाश में पुलिस पसवाड़ा और आसपास के गांवों में दबिश दे रही है।
एक-एक घर को तलाश जा रहा है। पुलिस के खौफ युवकों ने गांव छोड़ दिया है। कुछ अपने रिश्तेदारों के यहां चले गए और कुछ ने जंगल में आश्रय ले लिया। बाहर जाने वालों के घरों में अब महिला-बच्चे और बुजुर्ग ही बचें हैं।
वहीं मंदिर प्रबंधक ईश्वरदास महाराज, प्रधान कुंवर सुरेंद्र चौहान, वीरपाल, सुनील का कहना है कि विस्फोट की घटना को लेकर पुलिस-प्रशासन बारीकी से जांच कर रहा है। इसलिए किसी भी निर्दोष को भयभीत होकर भागने की जरूरत नहीं है।
सीओ सतीश चंद्र पांडेय का कहना है कि पसवाड़ा समेत आसपास के गांवों में शांति है। हो सकता है कि कुछ लोग किसी काम या ब्याह-शादी में रिश्तेदारी में गए हों।