हाफिजपुर पुलिस ने गुलावठी रोड के घुंघराला मोड़ से महिला समेत दो हथियार तस्करों को दबोचा है। आरोपियों से सात पिस्टल और तीन तमंचे बरामद किए गए हैं। एक आरोपी हिस्ट्रीशीटर बदमाश है।
एसपी अलंकृता सिंह ने पत्रकारों को बताया कि चुनावी माहौल में अवैध हथियारों की तस्करी बढ़ रही है। इसको लेकर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया है। बुधवार को हाफिजपुर पुलिस को सूचना मिली की गुलावठी रोड पर एक संदिग्ध महिला-पुरुष घूम रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शावेज खान ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम भूरी निवासी मजीदपुरा बताया है जो मूलरूप से मेरठ के गांव खिवाई की रहने वाली है।
जबकि दूसरे आरोपी ने अपना नाम खिलाफत निवासी गांव राधना किठौर बताया है। दोनों आरोपियों से सात पिस्टल व तीन तमंचे बरामद किए गए हैं। एसपी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। उस पर दस से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस ने बताया कि खिलाफत व भूरी एक वर्ष से हापुड़ के मजीदपुरा में किराए पर रहते है। दोनों आरोपियों ने बताया है कि बिहार के मुंगेर से हथियार राधना लाई जाती थी। इसके बाद आरोपी एक पिस्टल 15 हजार रुपये में खरीदते थे।
जबकि उसे बाजार में 18 हजार रुपये से अधिक दाम में बेचते थे। जबकि तमंचा 1500 रुपये में खरीदकर 2500 से तीन हजार रुपये में बेचते थे। इन पिस्टल को गाजियाबाद, मेरठ व मुजफ्फरनगर सहित प्रदेश के अलग अलग जनपदों बेच देते थे।
पुलिस पूछताछ में खुलास हुआ है कि पुलिस चैकिंग में पकड़े जाने के डर से हथियार महिला अपने साथ लेकर चलती थी, जिससे किसी को शक नहीं होता था। पुलिस महिला का आपराधिक रिकॉर्ड तलाश करने में जुटी है।