देहात थाना क्षेत्र में टीवी दिखाने के बहाने घर में बुलाकर पड़ोसी ने पांच वर्षीय बच्ची के साथ रेप कर दिया। लहूलुहान हालत में बच्ची अपने घर पहुंचकर बेहोश हो गई। काफी देर बाद होश में आने पर उसने परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजनों ने आरोपी पड़ोसी के खिलाफ थाना देहात में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नगर के एक मोहल्ला निवासी मजदूर की पांच वर्षीय बेटी अपने आंगन में अकेली खेल रही थी। इसी दौरान मासूम पर पड़ोसी दरिंदे की नजर पड़ गई। आरोपी युवक ने मासूम को टीवी दिखाने के बहाने अपने घर में बुला लिया। काफी देर तक जब बच्ची नहीं लौटी तो उसकी मां ने तलाश शुरू की।
करीब दो घंटे बाद बच्ची लहूलुहान हालत में घर पहुंची और गश खाकर गिर गई। परिजनों ने काफी मशक्कत के बाद उसे होश में लाया। इसके बाद बच्ची ने आपबीती परिजनों को सुनाई। इस दौरान भनक लगने पर आसपास की भीड़ जुट गई।
गुस्साए परिजन आरोपी के घर पहुंचे तो वह जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। इस संबंध में पीड़ित परिवार ने थाना देहात में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थानाध्यक्ष दीक्षित त्यागी का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पीड़ित बच्ची का पिता छोटोमोटा काम कर परिवार का पोलन पोषण करता है। वारदात के समय भी वह काम पर गया था। वहीं, बच्ची की मां को करीब 15 दिन पूर्व ही बच्चा हुआ है।
इसके चलते वह भी अभी घूमने फिरने में असमर्थ है। इसी का फायदा उठाकर पड़ोसी युवक ने इस वारदात को अंजाम दिया।