बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव सेहल की महिला ने लीवर कैंसर के कारण दम तोड़ दिया। उसका दिल्ली के अस्पताल में इलाज चल रहा था। सेहल और आसपास के गांवों का पानी बेहद दूषित है।
इन गांवों के लोग खराब पानी पीने के कारण हेपेटाइटिस, पीलिया और कैंसर से पीड़ित हैं। गढ़ और सिंभावली तहसील में पिछले चार साल में 60 से अधिक लोग कैंसर के कारण जान गंवा चुके हैं।
सेहल में किसान उदयवीर की पत्नी ब्रिजेश देवी (50) की शनिवार रात मौत हो गई। वह एक साल से पेट की बीमारी से पीड़ित थी। दिल्ली के अस्पताल में जांच के दौरान उसे लीवर कैंसर का पता चला।
उदयवीर सिंह ने बताया कि ब्रिजेश का इलाज इन दिनों दिल्ली के राजकीय कैैंसर संस्थान में चल रहा था। थोड़ी राहत मिलने पर चिकित्सकों ने उसे घर को भेज दिया था। जहां देर रात में ब्रिजेश की मौत हो गई।
ग्रामीणों की मानें तो गांव सेहल में दर्जनों महिला-पुरुष हेपेटाइटिस बीमारी की गिरफ्त में हैं। पिछले दो सप्ताह में गढ़ में पालिका सदस्य अमित शर्मा, और पूर्व अध्यापिका चंद्रवती, सिंभावली के गांव रतूपुरा की हुस्नजहां, गांव गंदूनंगला में तारादेवी की कैंसर से मौत हो चुकी है।