आजम की मौत तार चोरी करते वक्त करंट लगने से हुई
- फोटो : अमर उजाला
डेढ़ माह से लापता मोहल्ला सददीकपुरा निवासी 18 वर्षीय आजम की मौत बदनौली के जंगल में तार चोरी करते वक्त करंट लगने से हो गई थी। चोरी खुलने के डर से आजम के साथियों ने उसका शव मसूरी झाल में फेंक दिया था।
पुलिस ने रविवार को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। अब पुलिस मसूरी झाल से आजम का शव तलाश रही है। ज्ञात हो कि 12 फरवरी को मोहल्ला सददीकपुरा निवासी आजम लापता हो गया था।
परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजनों ने आजम को रिश्तेदारियों में भी खूब तलाश था। अब कोतवाली पुलिस ने आजम के दोस्तों को पकड़कर उसकी मौत का खुलासा कर दिया है।
पुलिस ने बताया कि साजिद, जुनैद, तालिब और जुबैर निवासी सददीकपुरा आजम के साथ बदनौली में तार चोरी करने गए थे। जहां वह तार काट रहे थे। तार काटते वक्त करंट से आजम की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि चारों साथियों ने चोरी खुलने के डर से आजम का शव मसूरी झाल में फेंक दिया था। कोतवाल विनोद पांडेय ने बताया कि आजम चोरी करता था। झाल में शव की तलाश कराई जा रही है।