हाफिजपुर क्षेत्र के अंतर्गत गांव महमूदपुर पड़ाव के समीप रेलवे ट्रैक पर मेरठ खुर्जा पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आकर दो चचेरे तयेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा कर रेलवे ट्रैक पर धरना देकर ढाई घंटे तक ट्रेनों का संचालन ठप रखा। पुलिस अधिकारियों के समझाने पर ही लोग शांत हुए और ट्रैक से हटे।
महमूदपुर के रेलवे गेट संख्या 35- सी पर अंडरपास कार्य के चलते आवागमन बाधित है। कई बार लोगों को निर्माणाधीन अंडरपास से गुजरना पड़ता है। तो कई बार रेलवे ट्रेक पार करके गंतव्य को जाना पड़ता है। रविवार सुबह लगभग आठ बजे गांव महमूदपुर निवासी छह वर्षीय दीपांशु अपने ताऊ के बेटे विक्रांत के साथ अपने दादा कृपाल सिंह के यहां से घर लौट रहे थे।
उनके चाचा हरेंद्र गांव के प्रधान हैं। जैसे ही वह ट्रैक के समीप पहुंचे तो मेरठ से खुर्जा जा रही मेरठ खुर्जा पैसेंजर की चपेट में आकर दोनों भाई घायल हो गए। इस दौरान बच्चों की चीख सुनकर ग्रामीण दौड़ पड़े। जिसके बाद उन्हें पड़ाव पर ही एक अस्पताल में ले जाया गया।
वहां से उन्हें चिकित्सकों ने हापुड़ लिए भेज दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामा करते हुए लोगों ने ट्रैक पर कब्जा जमा लिया। इस दौरान महमूदपुर, मीरपुर, हुमायुंपुर, सामई, झंडा, भटैल, गंगोई सहित कई गांव के लोग पहुंच गए।
लोगों ने रेलवे के खिलाफ धरना प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। जिसके चलते ट्रेनों का आवगमन बाधित हुआ। इलाहाबाद से मेरठ जा रही संगम एक्सप्रेस को गुलावठी में 37 मिनट तक रोका गया, जबकि बुलंदशहर की ओर जाने वाली मालगाड़ी को हाफिजपुर पर दो घंटे रोकना पड़ा। ट्रैक पर कब्जे की सूचना से रेलवे प्रशासन व पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर आरपीएफ प्रभारी एसएम असलम, हाफिजपुर थानाध्यक्ष शावेज खान ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। आरपीएफ प्रभारी ने रेलवे अधिकारियों से वार्ता कर दो दिन में ट्रैक के दोनों ओर कवरिंग कराने का आश्वासन दिया। डीआरएम प्रमोद कुमार का कहना है कि मामला गंभीर है।
पूरे मामले को लेकर संबधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही अंडरपास कार्य पूरा करा दिया जाएगा। साथ ही लोगों को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इसके बाद ग्रामीणों ने ट्रैक खाली किया।
ग्राम प्रधान हरेंद्र ने बताया कि रेलवे द्वारा चल रहे अंडरपास कार्य के चलते लोगों को परेशानी हो रही है। छोटे बच्चों को रेलवे ट्रेक से गुजरना पड़ता है। ऐसे में ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक पर दोनों ओर कवरिंग कराने की मांग की।
महमूदपुर के पड़ाव पर स्थित दीप नर्सिंग होम के संचालक डा. कपिल चट्ठा ने महमूदपुर के ग्राम प्रधान हरेंद्र के खिलाफ अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। आरोप है कि इस दौरान अस्पताल में तोड़फोड़ का भी प्रयास किया गया।
जान से मारने की धमकी दी गई है। उधर ग्राम प्रधान ने आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि मरीज देखने के बजाए चिकित्सक ने पहले रुपये जमा करने की बात कही थी, जिसपर कहासुनी हो गई थी।