एनएच-24 बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे बस को ओवरटेक कर रहे बाइक सवार दो सगे भाइयों को ट्रक ने रौंद दिया। एक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। दोनों भाई दिल्ली के रहने वाले हैं और जिला अमरोहा से अपने मामा के यहां से लौट रहे थे।
मामले में फुफेरे भाई ने एफआईआर दर्ज कराई है। सिंभावली में रेलवे रोड के सामने हाईवे पर सुबह करीब नौ बजे हापुड़ की ओर जा रही एक बाइक ने सवारी उतार रही कौशांबी डिपो की अनुबंधित बस को ओवरटेक करने की कोशिश की।
तभी पीछे से आए तेज रफ्तार में ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक का संतुलन बिगड़ा और दोनों युवक ट्रक की चपेट में आकर हाईवे पर घिसटते चले गए। हादसा होते ही चालक ट्रक छोड़कर भाग गया।
पुलिस पहुंची तो एक युवक की मौत हो चुकी थी और दूसरे घायल को हापुड़ के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। जेब में मिले पहचान पत्र और ड्राइविंग लाइसेंस से युवकों की पहचान मुस्तफाबाद दिल्ली निवासी तहसीन खां के बेटों शाहिद (35) और काशिफ (30) के रूप में हुई।
पुलिस ने कॉल कर उनके परिवार को सूचना दे दी। एसओ एनके शर्मा ने बताया कि मृतकों के फुफेरे भाई कमर अहमद निवासी जैतोली थाना हसनपुर जिला अमरोहा ने ट्रक और बस चालकों के खिलाफ अज्ञात में एफआईआर दर्ज कराई है।
काशिफ दिल्ली में मिक्सी ठीक करने का काम करता था और शाहिद बाइक मेकेनिक था। दो दिन पहले ही दांनों अमरोहा में अपने मामा एहसान खां के घर आए थे। बृहस्पतिवार को लौट रहे थे।
बाइक चला रहे काशिफ ने बस और ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की। जल्दबाजी और रफ्तार के कारण यह हादसा हो गया। अगर बस को सावधानी के साथ ओवरटेक किया जाता तो दोनों की जान बच जाती।
सफर के दौरान अच्छी क्वालिटी का हेलमेट होना जरूरी है। दो भाई हेलमेट पहने हुए थे, जब ट्रक ने बाइक को मारी तो वह दोनो काफी दूर तक घिसटते चले। उनके हेलमेट भी टूट गए।