खेड़ा के पुनीत की हत्या के आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने रात में दबिश देकर दो लोगों को हिरासत में लिया है। उधर, पुनीत के शव का रविवार को अंतिम संस्कार किया गया।
7 जनवरी को खेड़ा निवासी सब्जी आढ़ती मदन गोपाल शर्मा का बेटा पुनीत नोएडा जाने की बात बोलकर घर से गया था। नोएडा से लौटकर वह अपने परिचित छिजारसी गांव में ओमपाल सिंह के यहां रुका।
पुनीत नाश्ता करने के बाद घर के लिए चला, लेकिन शाम तक घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने कई रिश्तेदारों के यहां जानकारी की, लेकिन पुनीत का पता नहीं चला। मदन गोपाल ने कोतवाली में तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
मसूरी थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर के जंगल में शनिवार सुबह पुनीत का शव मिला था। अब पुलिस ने मामले की जांच तेजी से शुरू कर दी है। शनिवार रात पुलिस ने कई स्थानों पर आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दीं।
दो युवकों पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मदन गोपाल शर्मा ने बताया कि उनके बेटे की आत्मा को तब तक शांति नहीं मिलेगी, जब तक हत्यारे पुलिस की गिरफ्त में नहीं होंगे।