तहसील चौपला पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी द्वारा रोकने और कागज मांगने पर बाइक सवार तीन युवकों ने उससे अभद्रता की, एक युवक ने सिपाही को थप्पड़ मार दिया।
युवकों की हरकत देखकर वहां जमा लोग भड़क गए और उन्होंने तीनों युवकों को दबोचकर जमकर पीटा। इस दौरान दो युवक भाग गए, जबकि एक युवक को पकड़कर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। पीड़ित सिपाही ने कोतवाली में तहरीर तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर यातायात पुलिस का एक सिपाही रवि तहसील चौपला पर ड्यूटी दे रहा था। तभी पक्का बाग की ओर से एक बाइक पर तीन युवक आए। सिपाही रवि ने उन्हें हाथ देकर रोका और बाइक के कागज मांगे।
इस बात तीनों युवकों का पारा चढ़ गया और उन्होंने सिपाही से अभद्रता कर दी। जब सिपाही ने विरोध किया तो बाइक सवार एक युवक ने उसे थप्पड़ जल दिया। इससे अफरा-तफरी मच गई। मामला देखकर लोग भड़क गए और उन्होंने तीनों युवकों को दबोच लिया। उनकी जमकर धुनाई कर दी।
इस बीच दो युवक भाग गए, जबकि एक युवक को पब्लिक की मदद से सिपाही कोतवाली लेकर गया। सीओ ट्रैफिक विशाल यादव ने तीनों युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए। पीड़ित सिपाही ने कोतवाली में तहरीर दी है। हिरासत में लिए गए युवक का नाम कामरान निवासी जोगीपुरा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।