देहात पुलिस ने बुलंदशहर रोड बाईपास पर लूट की योजना बना रहे तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से दो तमंचे, चाकू और 4970 रुपये नगदी बरामद की है। पकड़े गए आरोपी दिन दहाड़े सड़कों पर लूटकर घटना को अंजाम देते थे।
पिछले कुछ दिनों से हाईवे पर लूट की घटनाएं बढ़ गई हैं, जिसको रोकने को लेकर एसपी ने क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया हुआ है। मंगलवार रात देहात पुलिस ने बुलंदशहर रोड बाईपास पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
तभी पुलिस को सूचना मिली की तीन संदिग्ध युवक लूट की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों युवकों को पकड़कर थाने ले आई। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम नीरज, संदीप उर्फ गोलू निवासी गांव कुराना सिंभावली,
सतेंद्र उर्फ डैनी निवासी बाहपुर थाना सैंदनगली अमरोहा बताया है। पुलिस ने उनके पास से दो तमंचे, एक चाकू और 4970 रुपये बरामद किए हैं।
एसपी अलंकृता सिंह ने बताया कि आरोपियों ने 13 अक्तूबर को बाबूगढ़ में एक फाइनेंस कर्मी से लूट की घटना को अंजाम दिया था। पूछताछ में उन्होंने एक रंजिश हत्या करने की योजना की जानकारी पुलिस को दी है।
पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुट गई है। साथ ही उनके फरार साथियों की भी ताश की जा रही है। पुलिस द्वारा उन्हें गिरफ्तार जेल भेज दिया गया है।