हाफिजपुर थाना क्षेत्र के तुमरैल गांव में शनिवार रात चोरों ने एक मकान पर धावा बोल दिया, लेकिन जाग होने पर चोर और फायरिंग कर निकल भागे। उधर, पुलिस मामले की जानकारी से इंकार कर रही है।
तुमरैल गांव का रहने वाला प्रेम मोहन शर्मा दिल्ली परिवहन निगम में कंडक्टर है। शनिवार रात उसका परिवार अपने-अपने कमरों में सो रहा था। रात में दीवार फांदकर चोर प्रेम मोहन के घर में घुस गए।
चोरों ने एक कमरे को खोलकर उसमें चोरी करने की कोशिश की, लेकिन परिवार के लोग जाग गए। उन्होंने शोर मचा दिया। खुद को घिरता देखकर चोर फायरिंग करते हुए भाग गए।
गांव में गोली चलने पर ग्रामीणों ने आसपास के जंगलों में चोरों की तलाश की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका। फिलहाल पीड़ित ने इस संबंध में कोई शिकायत नहीं की है।
एसओ हाफिजपुर नरेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं मिली है।