मकान में सिलेंडर खोलकर आग लगाई
- फोटो : अमर उजाला
चंद्रलोक कालोनी में विधवा भाभी को मकान बनाने के लिए उधार दिए गए छह लाख रुपये नहीं मिलने पर गुस्साए युवक ने साझेदारी के मकान में सिलेंडर खोलकर आग लगा दी।
गनीमत रही कि सूचना मिलने पर समय रहते ही दमकल और पुलिस ने लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के मुताबिक चंद्रलोक कालोनी निवासी त्रिलोक चंद के दो बेटे हैं।
बड़े बेटे सतवीर की कुछ समय पहले मौत हो चुकी है। उसकी विधवा लक्ष्मी ने अपने देवर से चार साल पहले मकान बनाने के लिए छह लाख रुपये उधार लिए थे। फिलहाल देवर और भाभी एक ही मकान में रह रहे हैं।
लक्ष्मी ने कुछ ही दिनों में रुपये देने का आश्वासन दिया था। बुधवार सुबह लक्ष्मी अपनी दुकान पर बैठी थी। तभी उसके देवर ने रुपयों का तगादा किया। इंकार करने पर गुस्साए देवर घर में घुसकर सिलेंडर को खोल दिया और आग लगा दी।
पड़ोसी आग की लपटे देख दौड़ और पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर एफएसओ अनिमेष सिंह, एसएचओ वीरेंद्र सिंह यादव टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर आग पर काबू पाया।
एसएचओ वीरेंद्र सिंह यादव का कहना है कि युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। रुपये के लेनदेन को लेकर यह पूरा मामला हुआ है।