थाना देहात क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला ने सपा नेता व उसके साथियों पर घर में घुसकर गन प्वाइंट पर मारपीट व रेप की कोशिश का आरोप लगाया है। साथ ही महिला ने घर में तोड़फोड़ का भी आरोप लगाया है।
महिला ने मामले की शिकायत एसपी से की है। जानकारी के अनुसार महिला डेयरी का संचालन करती है। कुछ दिन पूर्व उसके पास मोहल्ले का ही एक सपा नेता अपने साथियों के साथ गाय खरीदने के लिए पहुंचा।
जहां उसने जबरदस्ती गाय खरीदने के लिए दबाव डाला। साथ ही गाय नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। महिला ने बताया कि मंगलवार की दोपहर वह अपने घर थी। तभी सपा नेता अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा।
जहां उसने पिस्टल के दम पर उसके साथ मारपीट करते हुए घर में तोड़फोड़ करनी शुरू कर और उसके साथ रेप की कोशिश की। महिला ने शोर मचाया तो उसका पति व पुत्र उसे बचाने के लिए दौड़े। जिस पर आरोपियों ने उन्हें भी पीटा। पुत्र को गंभीर चोट आईं।
मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से की गई। कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने दोषियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। वहीं, एसपी अलंकृता सिंह ने बताया कि दोषियों के विरुद्ध मामले की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।