हापुड़ में जिला पंचायत की नवनिर्मित मार्केट में शनिवार रात बाबा साहेब की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने के मामले में दलित समाज में रोष है। सोमवार दोपहर मोहल्ला आर्यनगर में दलित समाज के लोगों ने प्रदर्शन कर विरोध जताया। साथ ही प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
दोपहर तीन बजे मोहल्ला आर्यनगर में दलित समाज के लोग एकत्रित हुए। इस दौरान मोहल्ले के लोगों ने हापुड़ में बाबा साहेब की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने पर विरोध जताया। आक्रोशित लोगों ने बताया कि बाबा साहेब की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि ऐसी हरकत दोबारा नहीं हो।
घटना बेहद निंदनीय है। इस दौरान धीरेंद्र, जयराज, गौतम, प्रदीप कुमार विमल, मनोज सागर, गौतम, पंकज सैन समेत अन्य लोग मौजूद रहे। वहीं, गढ़ के अंबेडकर पार्क में भी डास्फी कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब की प्रतिमा खंडित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर प्रदर्शन किया। इस दौरान अमित प्रकाश, हिमांशु गौतम, नवीन बौद्ध, संजीव नायक, हरीश गौतम, रोहित अंबेडकर, सौरभ मौजूद रहे।
घटना की निंदा की, तहसीलदार को दिया ज्ञापन
डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा खंडित होने पर दलित समाज के लोगों में आक्रोश दिखा। सोमवार को मीनाक्षी रोड पुस्तकालय पर बैठक का आयोजन कर समाज के लोगों ने घटना की निंदा की। साथ ही घटना में लिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। वहीं, अधिवक्ताओं ने घटना की निंदा करते हुए एक ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा।
सपा के पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य व रिपोर्ट दर्ज कराने वाले अधिवक्ता अनिल आजाद ने कहा कि घटना बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले में लापरवाही बरत रही है। दो दिन बीत जाने पर भी पुलिस आरोपियों को नहीं ढूंढ पाई।
दलित समाज के लोगों ने बैठक में एक ज्ञापन डीएम को सौंपने का निर्णय लिया। बैठक में भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजेंद्र कुमार, लोजपा के पश्चिमी यूपी प्रदेश के अध्यक्ष जोगेंद्र सिंह, बसपा नेता व आदेश गुडडू, भाजपा नेता रामस्वरुप भारती, बामसेफ के मंडल प्रभारी हीरालाल, बीएमपी के प्रत्याशी धर्मेंद्र कुमार, रामपाल जाटव मौजूद रहे।
वहीं, बार एसोसिएशन ने भी कचहरी बैठक कर घटना की निंदा की और तहसीलदार सुभाष सिंह को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुमार शिशौदिया, सचिव रविंद्र सिंह निमेष, संजय कंसल, अजीत चौधरी व सोनू मौजूद रहे।