कसेरठ बाजार में सप्ताह भर पूर्व बर्तनों की दुकान के चौकीदारों को बंधक बनाकर 10 लाख रुपये लूटने का मामला नहीं खुलने पर शुक्रवार को व्यापारियों ने एएसपी ऑफिस पर प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने धमकी दी है कि यदि जल्द घटना का खुलाशा नहीं हुआ तो वे शहर बाजार बंद कर देंगे।
ज्ञात हो कि कि नगर के मोहल्ला गोपीपुरा निवासी इंद्र गोपाल का कसेरठ बाजार में मुसद्दी लाल एंड संस के नाम से बर्तनों का थोक कारोबार है। कसेरठ बाजार में मोदीनगर रोड स्थित चंद्रलोक कालोनी के दो चौकीदार जगवीर सिंह और ब्रह्म सिंह शर्मा तैनात है। 11 मार्च की रात दोनों चौकीदारों को बंधक बनाकर बदमाशों ने 10 लाख रुपये लूट लिए थे।
खुलासे के लिए पुलिस ने तीन दिन का समय मांगा था, लेकिन एक सप्ताह बाद भी पुलिस लुटेरोें का सुराग नहीं लगा सकी है। शुक्रवार को व्यापारी नेता नरेश कसेरे के नेतृत्व में दर्जनों व्यापारी अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया।
व्यापारी नेता ने बताया कि पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल लग रहे हैं। पुलिस ने बाजार के सीसीटीवी तीनों बदमाशों की तस्वीर देखी है, इसके बाद लुटेरे नहीं पकड़े गए। व्यापारियों में रोष है। उन्होंने बाजार बंद करने की धमकी दी है।
एएसपी डा.ओपी सिंह ने आश्वासन दिया है कि पुलिस की टीमें जल्द मामला खोल देंगी। वहां पर पप्पन, जिम्मी जैन, सौरभ अग्रवाल, चंडी प्रसाद, सुमत प्रसाद, राकेश कुमार, हंसराज जैन, संजय, गोविंद, केशव, मोनू टीसो आदि रहे।