हापुड़। दिल्ली के ठेकेदार की हत्या कर हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव रामपुर के एक खेत में गाड़ दिया गया था। दिल्ली पुलिस ने गांव के एक युवक को हिरासत में लेकर उसकी निशानदेही पर गुरुवार को खेत से शव बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक ठेकेदार की हत्या तीन बदमाशों ने रुपये के लेनदेन को लेकर की थी।
दिल्ली शाहदरा के वेलकम थाना क्षेत्र के कबीरनगर निवासी फईमउद्दीन (45) दिल्ली में ही मिट्टी भराव कराने का ठेका लेता था। उसके भाई जाकिर हुसैन ने बताया कि 28 जून को उसके घर पर गोकुलपुरी गांव निवासी सफल पहुंचा और रुपये देने की बात कहकर अपने साथ लिवा ले गया।
उसके बाद से फईमउद्दीन का कुछ पता नहीं लगा था। इस पर उसने दिल्ली के वेलकम थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उधर, पुलिस को विवेचना के दौरान गोकुलपुरी गांव के सफल व उसके मामा के पुत्र दीपक का नाम सामने आया था, लेकिन 29 जून को पिलखुवा पुलिस ने दीपक और सफल को आर्मस एक्ट में जेल भेज दिया था।
उनके कब्जे से अंग्रेजी हथियार बरामद हुए थे। दिल्ली पुलिस ने जेल जाकर पूछताछ की तो मामला खुल गया। गुरुवार को दिल्ली पुलिस ने गांव रामपुर में छापा मार कर गांव के ही विपिन पंडित को हिरासत में लेकर उसकी निशानदेही पर शाम तकरीबन छह बजे गांव के एक व्यक्ति के खेत में गड़ा
लापता ठेकेदार का शव बरामद किया। ठेकेदार के भाई जाकिर हुसैन ने शव की शिनाख्त की। जाकिर हुसैन ने बताया कि उसके भाई फईमउद्दीन ने 20-25 दिन पहले सफल के प्लाट को भरने का ठेका 80 हजार रुपये में लिया था। ईद का त्योहार नजदीक आने पर फईमुद्दीन ने रुपये का तगादा किया था।
इस पर सफल और उसके भाई ने उसकी हत्या कर शव को यहां दबा दिया। शाहदरा के एसीपी विचित्र वीर भी दोपहर बाद फिंगर एक्सपर्ट टीम के साथ रामपुर पहुंच गए थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने डासना जेल में बंद सफल से इस मामले में पूछताछ की तो हत्या की बात सामने आई थी। फिलहाल शव को सील करने के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।