दो दिन पूर्व पिलखुवा के एक गांव में कुछ युवकों ने घर में घुसकर एक युवती से छेड़छाड़ करते हुए लूटपाट की थी। पीड़ित परिवार ने 100 नंबर पर इसकी सूचना दी तो वह गाजियाबाद जाकर लगा।
उसके बाद शिकायत पिलखुवा पुलिस से की गई, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की। शुक्रवार को पीड़ित परिवार एसपी से मिला। एसपी कार्यालय पहुंचकर पीड़ित युवती ने बताया कि दो नवंबर की रात वह घर में मौजूद थी।
तभी गांव के तीन सगे भाई अपने दो साथियों के साथ उसके घर में घुस आए। युवकों ने घर में घुसकर उसके परिवार से दस हजार रुपये की मांग की। रुपये देने से मना करने पर उसकी मां और भाई के साथ मारपीट की गई।
आरोपी युवकों ने घर का दरवाजा भी बंद कर दिया। इसके बाद पांचों युवकों ने युवती के साथ छेड़छाड़ की। इस दौरान विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी मां के गले से सोने की चेन लूट ली। शिकायत करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
मामले की सूचना पुलिस को देने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। शुक्रवार को एसपी अलंकृता सिंह से मिलकर कार्रवाई की मांग की है। एसपी अलंकृता सिंह ने मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं।