कोतवाली क्षेत्र के अमहर गांव के समीप शुक्रवार की दोपहर पिकअप की चपेट में आने से एक वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने उसे सीएचसी रसड़ा पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां रास्ते में महिला ने दम तोड़ दिया। परिवार के लोग महिला का शव लेकर गांव चले गए और मुआवजे की मांग को लेकर रसड़ा-बलिया मार्ग को जाम कर दिया।
सूचना पर पहुंचे रसड़ा कोतवाल अनिल चंद्र तिवारी ने समझा-बुझाकर जाम समाप्त करवाया और शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया। कोतवाली क्षेत्र के अमहर दक्षिण पट्टी निवासी फुलेश्वरी देवी (50) पत्नी सुरेश यादव खेत से धान का बोझा लेकर घर जा रही थी। इसी बीच पीछे से आ रही पिकअप ने जोर का टक्कर मार दिया। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
आसपास के लोगों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिसकी रास्ते में मौत हो गई। उधर, गांव वालों ने पिकअप और ड्राइवर को पकड़ पुलिस को सुपुर्द कर दिया।