दोस्त के घर होली खेलकर लौट रहे युवक को रास्ते में घात लगाकर खड़े बदमाशों ने गन प्वाइंट पर लेकर हजारों की रकम समेत मोबाइल लूट लिया। पीड़ित ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ तहरीर दी है।
जनपद अमरोहा के गांव ख्यालीपुर निवासी दीपक खागी सोमवार को दुलहैंडी के दिन ब्रजघाट क्षेत्र के गांव बलवापुर में रहने वाले अपने दोस्त सुनील के घर होली खेलने आया था। वह दोपहर करीब तीन बजे बाइक से वापस लौट रहा था।
गांव के बाहर जंगल में घात लगाकर खड़े आधा दर्जन बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देकर उसकी बाइक रुकवा ली। बाइक रुकते ही बदमाशों ने उसे गन प्वाइंट पर ले लिया और फिर उसकी जेब में रखी ढाई हजार रुपये नगदी और मोबाइल लूट लिया।
विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचे की बट से मारपीट कर उसे घायल कर दिया। बदमाश गन्ने की फसल में छिपकर फरार हो गए। पीड़ित ने इसकी सूचना ग्रामीणों और पुलिस को दी। पुलिस इससे अनभिज्ञता जताकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रही है।
चौकी इंचार्ज बलबीर सिंह का कहना है कि लूट की कोई सूचना नहीं मिली है। कोई पीड़ित चौकी पर भी नहीं पहुंचा है।