अश्वीय मेले में आए पांच पशु व्यापारियों को बदमाशों ने नशीला पदार्थ खिलाकर लूट लिया बदमाश पीड़ितों से नगदी और मोबाइल लूट ले गए। बता दें कि मेले में आए पशु व्यापारियों से लूटपाट की ये तीसरी वारदात है।
अश्वीय मेले की सुरक्षा व्यवस्था में इस बार बड़े स्तर पर ढिलाई सामने आ रही है। बड़ी संख्या में पुलिस तैनात होने के बाद भी बदमाश लूटपाट जैसी वारदात करने से बाज नहीं आ रहे हैं।
मंगलवार की देर शाम भी बाहरी जनपदों से आए पांच पशु व्यापारियों से लूटपाट की वारदात हुई। जानकारी के मुताबिक मंडी में मवेशियों की बिक्री होने के बाद जयबीर अमीननगर सराय बागपत, वीरपाल जहांगीराबाद, विरेश प्रजापति और विजय सिंह रामपुर दीपदान कर मुख्य स्नान पर्व में डुबकी लगाने के उद्देश्य से रुक गए थे।
रात करीब 10 बजे वे चारों चाय पीने के लिए दुकान पर बैठ गए, जहां पहले से ही व्यापारी बनकर दो लोग बैठे हुए थे। जिन्होंने चारों लोगों को बातों में उलझाकर नजदीकी बढ़ा ली और चाय पीने के दौरान दोनों लोगों ने अपने बैग से लड्डू निकालकर उन्हें थमा दिए। जिन्हें खाने के बाद सभी चल दिए।
रास्ते में चारों पशुपालकों को चक्कर आने लगे। जिस पर दोनों बदमाश उन्हें डेरे तक छोड़ने की बात कहकर अपने साथ जंगल वाली साइड में ले गए और उनसे सवा लाख की रकम समेत दो मोबाइल लूटकर फरार हो गए। उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ितों को मेले के अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां से परिजन उन्हें होश आने पर अपने साथ ले गए। इसके अलावा उत्तराखंड के हरिद्वार से घोड़ी खरीदने आए संतरपाल को चरस से भरी सिगरेट पिलाकर बदमाश उसकी जेब में रखी 61 हजार की रकम समेत मोबाइल लूटकर चंपत हो गए।