सवारी बनकर बैठे बदमाशों ने चालक व उसके साथी की कनपटी पर तमंचा सटाकर नकदी, मोबाइल व कार लूट ली। इसके बाद दोनों को सड़क के किनारे उतार दिया और कार लेकर फरार हो गए। यह वारदात मंगलवार की रात तकरीबन 11 बजे कोतवाली क्षेत्र के हापुड़ बाईपास पर बुलंदशहर कट के पास हुई।
बाद में भाग रहे बदमाशों की कार देहात थाना क्षेत्र के मंसूरपुर कट के पास मिनी ट्रक से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया, दो फरार हो गए। घायल बदमाश को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ितों ने कोतवाली में तहरीर दी है।
बरेली निवासी निशंक अग्रवाल की कार कुछ दिन पहले खराब हो गई थी और गाजियाबाद के एक शोरूम में ठीक होने के लिए आई थी। मंगलवार की रात चालक बरेली के करगेना निवासी रामसेवक व रामकुमार गाजियाबाद से कार लेकर बरेली लौट रहे थे।
लाल कुआं से एक सवारी कार में सवार हुई, उसी के साथ तीन बदमाश भी सवारी के रूप में कार में बैठ गए। कोतवाली क्षेत्र के हापुड़ बाईपास पर बुलंदशहर कट के पास तीनों बदमाशों ने दोनों चालकों की कनपटी पर तमंचा सटाकर कार रुकवा लिया।
बदमाशों ने दोनों की जेब में रखे 7400 रुपये, तीन मोबाइल छीन लिया और उन्हें नीचे उतारकर कार लूटकर फरार हो गए। इसके बाद चालक ने किसी तरह पुलिस को सूचना दी।
उधर, बदमाश कार लूटकर भाग रहे बदमाश देहात थाना क्षेत्र के मंसूरपुर कट से वापस गाजियाबाद की ओर को मुड़ते समय मुरादाबाद की ओर से आ रहे मिनी ट्रक से टकरा गए। इस दुर्घटना में कार क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया।
दो बदमाश लूटी नगदी व मोबाइल लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया। फरार बदमाशों की तलाश में आसपास के जंगल में कांबिंग की, लेकिन कोई हत्थे नहीं चढ़ा।
उधर, इस संबंध में सीओ सिटी विशाल यादव ने बताया कि घायल बदमाश नसीमउद्दीन निवासी डासना जिला गाजियाबाद है। फरार साथियों के बारे में जानकारी मिली है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।