एनएच-24 पर ट्रक चालक से लूट के मामले में पुलिस ने मंगलवार को एडीएम के ड्राइवर और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने एसडीएम की कार से वारदात की थी। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
बता दें कि 10/11 सितंबर की रात करीब दो बजे नीली बत्ती लगी एक कार के ड्राइवर और उसमें सवार होमगार्डों ने नेशनल हाईवे-24 पर डासना निवासी ट्रक चालक इसरत से मोबाइल, 850 रुपये और ट्रक के कागज लूट लिए थे। वह उत्तराखंड के काशीपुर से बदरपुर लादकर नोएडा ट्रक लेकर जा रहा था।
मामले में सोमवार को एसपी की हिदायत पर सिंभावली पुलिस ने नीली बत्ती लगी कार के चालक चेतन के खिलाफ नामजद और चार अज्ञात होमगार्डों के खिलाफ लूटपाट का केस दर्ज किया था। जांच में कार एसडीएम केबी सिंह के नाम अलाट मिली थी। उनका मुरादाबाद ट्रांसफर हो चुका है।
वह फिलहाल छुट्टी पर हैं। मंगलवार को सिंभावली पुलिस ने आरोपी ड्राइवर चेतन और उसके सहयोगी विवेक को हापुड़ में दबिश देकर दबोच लिया। एएसपी आरएन यादव, सीओ विशाल यादव और एसपी दूबे ने सिंभावली थाने में आरोपियों से पूछताछ की।
एसओ एनके शर्मा ने बताया कि आला अफसरों की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
एएसपी आरएन यादव ने बताया कि एडीएम के ड्राइवर ने ट्रक चालक के साथ लूटपाट की थी। वहीं एडीएम रजनीश राय ने इससे इंकार किया है। उन्होंने कहा कि आरोपी चालक उनका ड्राइवर नहीं है।
मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एसडीएम केबी सिंह उस दिन छुट्टी पर थे। एडीएम रजनीश राय का ड्राइवर चेतन उनकी गाड़ी लेकर गया था। अलंकृता सिंह, एसपी