कोतवाली क्षेत्र के सर्राफा बाजार में ठगों ने एक सर्राफा कारोबारी से करीब पांच लाख रुपये के जेवर ठग लिए। बाजार के अन्य व्यापारियों को वारदात की जानकारी मिली तो आसपास की दुकानों में लगे सीसी कैमरे की फुटेज देखकर ठग तक पहुंचने की कोशिश की गई,
लेकिन नतीजा सिफर रहा। घटना की तहरीर कोतवाली में दी गई है। गढ़ गेट निवासी राहिल की सर्राफा बाजार में ज्वैलरी शाप है। सोमवार को उनके मोबाइल पर एक फोन आया और फोन करने वाले ने बाजार के एक परिचित का नाम बताकर उससे कुछ सोने के आभूषणों को गढ़ गेट पर भिजवाने की बात कही।
इस बात पर राहिल की दुकान पर काम करने वाला मोहल्ला गुली निवासी बिजेंद्र सैनी सोने की आठ चेन, पांच अंगूठी और पाजेब लेकर बताए गए स्थान पर पहुंचा। वहां मिले व्यक्ति ने जेवर पसंद कर वापस कर दिए।
इसी बीच ठग ने सर्राफ को फोन किया कि उन्हें जेवर पसंद आ गए हैं। उसकी खाला पुराना बाजार में एक मीट शॉप के ऊपर बैठी हैं। वहां से वह एक युवक को भेज रहा है, जिसको वह जेवर दे दें, अगर जेवर उन्हें भी पसंद आ गए तो वह पैसे भिजवा देगा।
सर्राफा व्यापारी राहिल ने युवक के आने पर उसे सोने की आठ चेन, सोने की पांच अंगूठी और पांच जोड़ी पाजेब भेज दिए। लेकिन पैसे देने कोई नहीं आया तो उसे कुछ गड़बड़ लगी। सर्राफ ने आए फोन पर फोन किया तो फोन बंद आया।
तब उसे ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित सर्राफ ने बताया कि उसे अनुमानित पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित सर्राफ राहिल ने सर्राफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों संजीव जैन, अरविंद शर्मा, नदीम आदि के साथ कोतवाली जाकर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए शाम के समय तहरीर दी है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर, इस बाबत सीओ विशाल यादव का कहना है कि वह फिलहाल बाहर हैं, लेकिन लौटते ही मामले की खोजबीन कर ठगों तक पहुंचने का प्रयास करेंगे।