चंडीगढ़ पुलिस के हेड कांस्टेबल ने की सुसाइड
- फोटो : अमर उजाला
बीमारी से परेशान एक हेड कांस्टेबल ने सोमवार सुबह मनीमाजरा मॉर्डन कॉम्प्लेक्स के रेलवे फाटक पर ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें में उसने अपनी बीमारी को परेशानी बताया है। पुलिस ने मामला दर्ज छानबीन शुरू कर दी है।
हेड कांस्टेबल धर्मबीर (52) यूटी पुलिस के सीआईडी विंग में तैनात था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार सुबह हेड कांस्टेबल मनीमाजरा मॉर्डन कॉम्प्लेक्स रेलवे फाटक पर अपनी एक्टिवा पर पहुंचा था। 11:15 बजे जैसे ही हिमालयन क्वीन ट्रेन रेलवे फाटक से गुजरी तभी धर्मबीर ने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी।
ट्रेन से टकराते ही धर्मबीर की मौके पर ही मौत हो गई। फाटक पर ही ट्रेन करीब आधे घंटे तक रुकी रही। इसकी वजह से फाटक पर जाम लग गया। लोग अपना रास्ता बदलकर दूसरे रूट से आफिस के लिए गए।
जीआरपी एसएचओ संतोष कुमारी ने बताया कि मृतक के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। जिसमें लिखा हुआ था कि वह अपनी मर्जी से खुदकुशी कर रहा है। उसकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। रेलवे पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया गया है। धर्मबीर अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ सेक्टर-26 पुलिस लाइन में रहता था।