मोदीनगर रोड स्थित एक मिशनरी स्कूल में फीस, भवन शुल्क में वृद्धि किए जाने पर सोमवार को अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रधानाचार्य से वार्ता करने के लिए अभिभावक सोमवार को स्कूल पहुंचे।
उनका आरोप है कि प्रिंसिपल ने उनसे अभद्रता की। इससे गुस्साए अभिभावकों ने स्कूल के बाहर हंगामा किया, और डीएम से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। एकेडमी की ओर से अचानक भवन शुल्क और फीस में बढ़ोत्तरी किए जाने से परेशान अभिभावक सोमवार को प्रधानाचार्य से मिलने पहुंचे।
आरोप है कि उन्होंने अभिभावकों से इस संबंध में बात न करने को कहा। इसका विरोध करने पर प्रधानाचार्य ने अभिभावकों से अभद्रता की। सूचना पर सपा छात्रसभा के प्रदेश सचिव पंकज त्यागी एकेडमी पहुंचे।
उन्होंने प्रधानाचार्य से नियम के अनुसार फीस में वृद्धि की बात कही, लेकिन प्रधानाचार्य ने उनकी भी नहीं सुनी। सपा नेता से कॉलेज परिसर से बाहर जाने को कहा। इसके विरोध में अभिभावकों ने एकेडमी के बाहर हंगामा कर दिया।
आरोप है कि प्रधानाचार्य ने खुद को अल्पसंख्यक होने की बात कहकर अभिभावकों को मुकदमे में फंसाने की धमकी दे डाली। अभिभावकों ने कलक्ट्रेट पर प्रधानाचार्य के खिलाफ प्रदर्शन किया और डीएम को ज्ञापन दिया।
ज्ञापन देने में पंकज त्यागी, शेखर त्यागी, धर्मेन्द्र राठौर,रामायण धर शर्मा, शंकर त्यागी, संजय गहलौत, गौरव चौधरी, कक्कू चौधरी, अमित, अमन त्यागी, अभिषेक त्यागी, प्रवीण पाठक, विशाल त्यागी, सुभाष शर्मा, अनुराग त्यागी आदि मौजूद रहे।
मैंने किसी के साथ अभद्रता नहीं की। सभी आरोप निराधार हैं। बल्कि स्कूल प्रशासन ने नर्सरी में एडमिशन फीस शून्य कर दी है। सिर्फ तीसरी और चतुर्थ कक्षा में 500-500 रुपये वार्षिक चार्ज बढ़ाया गया है। - प्रधानाचार्य, मिशनरी स्कूल