कुचेसर रोड चौपला निवासी रेप पीड़िता न्याय के लिए भटक रही है, लेकिन उसे इंसाफ नहीं मिल पा रहा है। मंगलवार को पीड़िता ने जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायती पत्र देकर पुलिस पर आरोपियों के साथ साठगांठ का आरोप लगाकर निष्पक्ष जांच कराने व अपनी सुरक्षा की मांग उठाई है।
जिलाधिकारी कार्यालय में दिए शिकायती पत्र में रेप कुचेसर रोड चौपला निवासी रेप पीड़िता ने बताया कि पिछले वर्ष 5 युवकों ने उसे अगवा कर 6 माह तक उसके साथ रेप किया। बामुश्किल उनके चंगुल से निकलकर उसने बाबूगढ़ थाना पुलिस से शिकायत की थी,
जिस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया और उसका मैडिकल कराकर न्यायालय में बयान कराए। पीड़िता ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने किसी भी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की,
जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद है और वह उसके परिजनों पर मुकदमा वापस लेने का दवाब बना रहे हैं और उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ साठगांठ कर ली है और उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है।
पीड़िता ने बताया कि एसपी से शिकायत के बाद जांच पिलखुवा पुलिस को सौंप दी गई, लेकिन पिलखुवा पुलिस ने भी आरोपियों के साथ साठगांठ कर ली और उनका नाम मुकदमे से निकालने की फिराक में हैं।
इस संबंध में पीड़िता ने मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने व उसके परिजनों की सुरक्षा किए जाने की गुहार लगाई है।