सर्दियों में बढ़ रही चोरियों की घटनाओं से थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस भी ऐसी घटनाओं को रोकने में असमर्थ है। ऐसे में गांव उपैड़ा में रविवार को ग्राम प्रधान के नेतृत्व में लोगों ने खुद पहरा लगाने निर्णय लिया है।
बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव उपैड़ा में पिछले कुछ दिनों से चोरियां अधिक हो रही हैं। इस संबंध में ग्रामीणों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने की गुहार लगाई, लेकिन चोरियां पर अंकुश नहीं लगा। इसके बाद रविवार को ग्राम प्रधान मेघराज सिंह की अध्यक्षता में गांव में ही बैठक का आयोजन किया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ग्रामीण वार्ड के हिसाब से पहरा लगाएंगे। प्रत्येक वार्ड मेंबर अपने अपने क्षेत्र से ग्रामीणों का चयन कर टीम गठित करेगा। प्रत्येक वार्ड अपनी बारी के अनुसार रात के समय गांव में पहरा देगा, जिससे चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
ग्राम प्रधान मेघराज सिंह ने बताया कि चोरों के बढ़ते आतंक को देखते हुए सभी ग्रामीणों ने यह निर्णय लिया है। इस संबंध में पुलिस को भी अवगत कराया गया है। बैठक में गौरव कुमार, राजेंद्र सिंह, मांगेराम वर्मा, रणवीर आदि उपस्थित थे।